मुंबई के भांडुप इलाके में एक महिला के 10वीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगाने का मामला सामने आया है।
महिला जमीन पर गिरने के बजाय इमारत के पास मौजूद एक पेड़ पर जा गिरी और उसकी टहनियों में फंस गई। घंटों की मशक्कत के बाद मुंबई अग्निशमन विभाग की टीम ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान 26 वर्षीय प्रतीक्षा हिवराले के रूप में हुई है। वह लेक रोड स्थित सनशाइन बिल्डिंग में रहती हैं। बताया गया कि महिला अपने फ्लैट की खिड़की से नीचे कूदी थी। इसके बाद वह सीधे जमीन पर गिरने के बजाय इमारत के पास मौजूद पेड़ पर जा गिरी।
पेड़ पर गिरने के बाद महिला जमीन से करीब 20 से 25 फीट की ऊंचाई पर टहनियों में फंस गई और लटकने लगी। इस दौरान उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और सोसायटी के निवासी मौके पर जमा हो गए। घटना की जानकारी तुरंत दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और महिला को पेड़ से सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने महिला को बचा लिया। बताया जा रहा है कि महिला के पैर में चोट आई है। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
