मुंबई में उमस भरी गर्मी बनी आफत, पुणे समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में तापमान 40 पार, पढ़िए मौसम विभाग का ॲलर्ट
महानगर में अप्रैल के बचे हुए दिनों में मौसम का मिजाज गर्म और उमस भरा रहने वाला है। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, जबकि कुछ दिनों में इसमें हल्का उतार-चढ़ाव संभव है। मौसम वैज्ञानिक और विशेषज्ञ के अनुसार, तापमान बहुत ज्यादा नहीं बढ़ेगा, लेकिन बढ़ती उमस (ह्यूमिडिटी) लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। अप्रैल महीने की शुरुआत में वेस्टर्न डिस्ट्बेंस आने और पश्चिमी हवा सक्रिय होने के कारण शुरुआती 10 दिन मुंबईकरों के लिए आरामदायक थे, लेकिन अब पिछले 3 दिनों में मौसम से करवट ली है।
क्षेत्रीय मौसम विभाग की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया, राज्य के ऊपर एक एंटी साइक्लोन एक्टिव होने के कारण मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, बुधवार को इसमें थोड़ी गिरावट हुई और पारा 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, उमस 46% रहने से लोगों को काफी परेशानी हुई।