दिल्ली-करनाल के बीच दौड़ेंगी ई-बसें, 56 लेडीज स्पेशल सेवाएं नई दिल्ली। दिल्ली सरकार महिलाओं और छात्राओं के लिए जल्द 56 विशेष इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है। इनमें अधिक मांग वाले 15 रूटों पर 30 लेडीज स्पेशल ट्रिप और 13 रूटों पर 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल यानी U-SPL ट्रिप शामिल होंगी।
इसके साथ ही राजधानी में 200 नई इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल की जाएंगी। सरकार दिल्ली से करनाल के बीच इंटर स्टेट ई-बस सेवा शुरू करने की भी तैयारी कर रही है। प्रस्तावित योजना के अनुसार इस रूट पर दोनों दिशाओं में रोजाना 10-10 ट्रिप संचालित की जाएंगी।
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, नई बस सेवाओं से दिल्ली के प्रमुख रोजगार, व्यावसायिक और संस्थागत केंद्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इनमें नेहरू प्लेस, एम्स, साउथ एक्सटेंशन, आरके पुरम, कनॉट प्लेस, आईटीओ, दिल्ली सचिवालय, करोल बाग, कश्मीरी गेट और शिवाजी स्टेडियम जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं।
सरकार का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के साथ दिल्ली के इलेक्ट्रिक बस नेटवर्क को मजबूत करना है। विशेष महिला सेवाओं से ज्यादा मांग वाले रूटों पर यात्रा को आसान बनाने में मदद मिलेगी।
वहीं, दिल्ली-करनाल ई-बस सेवा शुरू होने से दोनों शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा। 200 नई ई-बसों के जुड़ने से राजधानी की परिवहन व्यवस्था को भी विस्तार मिलने की उम्मीद है।
