सावरकर मुसलमानों से नफरत नहीं करते थे: प्रपौत्र, राहुल गांधी पर छवि खराब करने का आरोप
हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर के प्रपौत्र सात्यकि सावरकर ने पुणे की विशेष अदालत में कहा कि उनके परदादा कभी मुसलमानों से नफरत नहीं करते थे। उन्होंने दावा किया कि सावरकर की लेखनी में मुसलमानों की प्रगति के रास्ते और तरीके बताए गए हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सावरकर की छवि को मुसलमानों से नफरत करने वाले व्यक्ति के तौर पर पेश करने का आरोप लगाया।
यह बयान राहुल गांधी के 2023 में लंदन में दिए गए कथित बयानों से जुड़े मानहानि मामले की सुनवाई के दौरान सामने आया। सात्यकि सावरकर से वकील मिलिंद पवार ने जिरह की और राहुल गांधी के उस कथित भाषण के सटीक शब्द बताने को कहा, जिनसे सावरकर की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची।
जिरह के दौरान सात्यकि ने राहुल गांधी के कथित बयान को दोहराया। उनके अनुसार, राहुल गांधी ने कहा था कि सावरकर ने एक किताब में लिखा था कि उन्होंने अपने पांच-छह दोस्तों के साथ एक मुस्लिम युवक की पिटाई की और उन्हें ऐसा करने में मजा आया।
सात्यकि सावरकर ने कहा कि ऐसे बयानों से उनके परदादा को मुसलमानों से बेहद नफरत करने वाला और मॉब लिंचिंग करने वाला व्यक्ति बताया गया। उन्होंने दावा किया कि सावरकर ने अपनी लेखनी में मुसलमानों की तरक्की के रास्ते बताए थे।