पुणे कॉलेज में PM मोदी की तस्वीर हटाने पर अमित ठाकरे पर FIR
पुणे। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना अध्यक्ष राज ठाकरे के बेटे और महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना के अध्यक्ष अमित राज ठाकरे के खिलाफ पुणे में FIR दर्ज की गई है। अमित ठाकरे के साथ मौजूद करीब 20 से 25 पदाधिकारियों, छात्रों और कार्यकर्ताओं पर भी मामला दर्ज हुआ है।
यह मामला गणेशखिंड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने, हंगामा करने और धमकी देने के आरोप में चतुरश्रृंगी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।
कॉलेज के प्रिंसिपल राजेंद्र पाटिल के मुताबिक, अमित ठाकरे अपने समर्थकों के साथ कॉलेज पहुंचे थे। प्रिंसिपल के केबिन में छत्रपति शिवाजी महाराज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें लगी थीं। प्रिंसिपल का आरोप है कि प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर देखकर अमित ठाकरे ने कहा कि वहां प्रधानमंत्री की तस्वीर नहीं लगाई जा सकती।
इसके बाद अमित ठाकरे ने अपने साथ मौजूद एक कार्यकर्ता को तस्वीर हटाने के लिए कहा और कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर नीचे उतार दी। घटना के बाद प्रिंसिपल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर अमित ठाकरे समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, FIR के बाद अमित ठाकरे ने कहा कि उन्होंने जो किया, उस पर उन्हें गर्व है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।


