‘कॉकरोच जनता पार्टी यानी कांग्रेस जिताओ पार्टी’, फडणवीस का हमला
पुणे। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद सोमवार को पुणे में महाराष्ट्र बीजेपी कार्यकारिणी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हिंदुत्व, महिला आरक्षण और ‘वंदे मातरम’ समेत कई मुद्दों को लेकर विपक्ष पर हमला बोला।
फडणवीस ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ यानी CJP को लेकर कहा कि यह सिर्फ छोटा संगठन नहीं है, बल्कि अब ‘कांग्रेस जिताओ पार्टी’ बन गई है। उन्होंने दावा किया कि इस संगठन में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 80 संगठन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हिंदुओं को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष यह झूठ फैला रहा है कि हिंदू और उनके मंदिर गलतियां करते हैं। फडणवीस ने कहा कि विपक्ष उनकी विचारधारा का विरोध करने की क्षमता खो चुका है और इसलिए कुछ मुद्दों पर विवाद पैदा करने की कोशिश करता है।
उन्होंने पार्टी नेताओं से विपक्ष के कथित झूठे नैरेटिव को विफल करने के लिए कमर कसने को कहा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने आरोप लगाया कि पार्टी माओवाद और झूठी अफवाहों के जरिए देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।
फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र 2030 तक तीन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य हासिल करेगा।


