Home Breaking News महाराष्ट्र में किसानों की तर्ज पर मछुआरों को मिल सकता है कर्जमाफी...

महाराष्ट्र में किसानों की तर्ज पर मछुआरों को मिल सकता है कर्जमाफी का लाभ

29
0

महाराष्ट्र में किसानों की तर्ज पर मछुआरों को मिल सकता है कर्जमाफी का लाभ

महाराष्ट्र के मछुआरों के लिए राहत भरी खबर है। महायुति सरकार ने किसानों की तरह मछुआरों को भी कर्जमाफी का लाभ देने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इसके तहत मत्स्यपालन करने वाले किसानों, व्यावसायिक मछुआरों और उनके कर्ज से जुड़ी जानकारी जुटाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

मत्स्यव्यवसाय एवं बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने मछुआरों और उनके कर्ज की पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, राज्य में करीब 19 हजार मत्स्य किसानों और व्यावसायिक मछुआरों पर लगभग 80.87 करोड़ रुपये का कर्ज है। इनमें करीब 9,900 मछुआरों ने किसान क्रेडिट कार्ड के तहत कर्ज लिया है। इसके जरिए मत्स्य व्यवसायियों को कार्यशील पूंजी के लिए 5 लाख रुपये तक का कर्ज दिया जाता है।

नितेश राणे ने मुख्यमंत्री के सामने इस कर्ज को माफ करने की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख के बाद राणे को संबंधित विभागों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।

मत्स्य व्यवसाय विभाग कर्ज की राशि समेत अन्य जानकारी जुटा रहा है और सहकार विभाग से भी समन्वय किया जा रहा है। इसके बाद मछुआरों की कर्जमाफी का प्रस्ताव मंत्रिमंडल की बैठक में रखा जाएगा।