सोशल मीडिया पर एक वीडियो में उफनती पाताल गंगा नदी में हजारों गैस सिलिंडर तैरते हुए दिखाई दिए,
जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और पास के एक पुल से इस असामान्य दृश्य को रिकॉर्ड करने लगे। यह नजरा महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले का है। जहां, एचपीसीएल पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया।
इसके कारण 3,000 एलपीजी सिलिंडर, जिनमें भरे और खाली दोनों सिलिंडर शामिल थे। वे नदी में बहे गए। प्रशासन ने निवासियों को नदी में पाए जाने वाले किसी भी सिलिंडर को न छूने की चेतावनी जारी की है।
रायगढ़ जिले के कलेक्टर किशन जावले ने लोगों से आग्रह किया कि वे समुद्र तट पर बहकर आए किसी भी सिलिंडर को न उठाएं और न ही घर ले जाएं। उन्होंने कहा कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि नदी में बहकर आए सिलिंडरों में गैस है या वे सुरक्षित स्थिति में हैं। जिज्ञासावश या उपयोग के लिए उन्हें उठाना, खोलना या घर ले जाना बेहद खतरनाक हो सकता है।