Home Breaking News मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश। भारी बारिश और जलभराव ने मुजफ्फरनगर में एक डिलीवरी...

मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश। भारी बारिश और जलभराव ने मुजफ्फरनगर में एक डिलीवरी बॉय की मुश्किलें बढ़ा दीं।

30
0

मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश। भारी बारिश और जलभराव ने मुजफ्फरनगर में एक डिलीवरी बॉय की मुश्किलें बढ़ा दीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विशाल नाम का युवक सड़क पर फूट-फूटकर रोता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि उसका करीब 45 हजार रुपये का स्मार्टफोन बारिश के पानी में गिरकर खो गया।

 

विशाल परिवार का पेट पालने के लिए फूड डिलीवरी का काम करता है। बताया जा रहा है कि तीन महीने पहले ही उसने किश्तों पर यह फोन खरीदा था। अब तक वह सिर्फ तीन किश्तें चुका पाया था और बाकी रकम का भुगतान अभी बाकी था।

भारी बारिश के बाद सड़क पर घुटनों तक पानी भरा था। इसी दौरान ऑर्डर डिलीवर करने जा रहे विशाल का फोन पानी में गिर गया। उसने बाइक रोकी और काफी देर तक गंदे पानी में हाथ डालकर फोन तलाशता रहा, लेकिन मोबाइल नहीं मिला।

जब तमाम कोशिशों के बाद भी फोन नहीं मिला तो विशाल सड़क पर ही फूट-फूटकर रोने लगा। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने उसकी बेबसी का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

डिलीवरी बॉय के लिए फोन सिर्फ मोबाइल नहीं, बल्कि उसकी रोजी-रोटी का जरिया होता है। इसी के जरिए उसे ऑर्डर मिलते हैं और उसकी कमाई चलती है। ऐसे में फोन खोने का दर्द सिर्फ एक महंगे गैजेट के खोने का नहीं, बल्कि काम के साधन और आर्थिक बोझ दोनों का है।

विशाल की बेबसी का यह वीडियो लोगों को भावुक कर रहा है और सोशल मीडिया पर उसके लिए मदद की अपील भी की जा रही है।