Towhid Hridoy ने रचा कीर्तिमान, 350 रनों की मैराथन पारी से तोड़ा तमीम इकबाल का महारिकॉर्ड
तौहीद हृदय ने एक पारी में 350 रन बनाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बनकर देश के फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया।
बांग्लादेश A के कप्तान तौहीद हृदय ने एक पारी में 350 रन बनाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बनकर देश के फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया। उन्होंने यह यादगार पारी बुधवार को पॉचेफस्ट्रूम के NWC ओवल में खेली गई। इसी मैदान पर हृदय ने 2020 में बांग्लादेश को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने में मदद की थी।
चौथे दिन 204 रन से आगे खेलते हुए हृदय ने बांग्लादेश A की पारी के बाकी समय तक बल्लेबाजी जारी रखी और 481 गेंदों पर 27 चौकों और 10 छक्कों की मदद से नाबाद 350 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत बांग्लादेश A ने आठ विकेट पर 676 रन बनाकर पारी घोषित की। इससे उन्हें 164 रनों की बढ़त मिली; इससे पहले साउथ अफ्रीका A ने अपनी पहली पारी में 512 रन बनाए थे। मैच ड्रॉ होने से पहले साउथ अफ्रीका A ने बिना किसी नुकसान के 18 रन बना लिए थे।
हृदय की मैराथन पारी ने उन्हें फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाला तीसरा बांग्लादेशी बल्लेबाज बना दिया है।