अमरावती जिला अस्पताल के NICU में फटा वेंटिलेटर, भीषण आग में जिंदा जले 3 नवजात, महाराष्ट्र में बड़ा हादसा
महाराष्ट्र के अमरावती में आज सोमवार 24 अगस्त को भीषण हादसा हुआ है। यहां एक सरकारी अस्पताल में आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। हालांकि आनन-फानन में बाकी नवजातों को बाहर निकाला गया। आग अस्पताल के तीसरी मंजिल पर एक वेंटिलेटर में विस्फोट होने के बाद लगी।
महाराष्ट्र के अमरावती में जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु कक्ष (एनआईसीयू) में सोमवार तड़के आग लग गई। इस हादसे में तीन नवजात शिशुओं की मौत हुई है। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ ने मिलकर कई बच्चों की जान बचाने में सफलता हासिल की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में एक धमाका हुआ था, जिसके बाद आग लग गई। बताया गया कि अचानक वेंटिलेटर में यह विस्फोट हुआ।
बताया जा रहा है कि अमरावती जिला महिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में 39 नवजात शिशु भर्ती थे। किसी बच्चे का जन्म कुछ घंटे पहले तो किसी का 1 या 2 दिन पहले ही हुआ था। उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एनआईसी में रखा गया था।
