मुंबई लोकल पर आज मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनें प्रभावित
मुंबई में लोकल ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रविवार को जरूरी खबर है। मध्य रेलवे ने विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए सीएसएमटी-विद्याविहार मेन लाइन और कुर्ला-वाशी हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक घोषित किया है। ब्लॉक के दौरान कुछ लोकल सेवाएं प्रभावित रहेंगी और कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया जाएगा।
सीएसएमटी से सुबह 10:48 बजे से दोपहर 3:45 बजे तक चलने वाली डाउन स्लो लाइन की लोकल को सीएसएमटी और विद्याविहार के बीच डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें भायखला, परेल, दादर, माटुंगा, सायन और कुर्ला स्टेशनों पर रुकेंगी। इसके बाद विद्याविहार स्टेशन पर इन्हें दोबारा डाउन स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं, घाटकोपर से सुबह 10:19 बजे से दोपहर 3:52 बजे तक चलने वाली अप स्लो लाइन की सेवाओं को विद्याविहार और सीएसएमटी के बीच अप फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। ये लोकल कुर्ला, सायन, माटुंगा, दादर, परेल और भायखला स्टेशनों पर रुकेंगी।
इसके अलावा कुर्ला-वाशी अप और डाउन हार्बर लाइन पर भी मेगा ब्लॉक रहेगा। ब्लॉक के कारण कुछ लोकल सेवाएं रद्द या प्रभावित हो सकती हैं, जबकि कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि रविवार को यात्रा से पहले अपनी लोकल ट्रेन का समय और रूट जरूर जांच लें, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।


