पीएम मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान, नवनीत राणा बोलीं- देश के लिए बहुत कुछ कर रहे
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओलि दराजली दुस्तलिक’ से सम्मानित किए जाने पर बीजेपी नेता नवनीत राणा ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश के लिए बहुत कुछ कर रहे हैं और वैश्विक समुदाय में भारत के योगदान को बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
नवनीत राणा ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें लगातार मिल रहे अंतरराष्ट्रीय सम्मान उनके काम और वैश्विक योगदान को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी देश का ऐसा कोई सम्मान नहीं बचना चाहिए, जो प्रधानमंत्री मोदी को न मिला हो। उन्होंने यह भी कहा कि अगर नरेंद्र मोदी को अपना 36वां सम्मान मिलता है या दुनिया में उन्हें सम्मानित करने के लिए कोई देश नहीं बचता, तो इसमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए।
प्रधानमंत्री को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान मिलने पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी पर सवाल उठाए थे। ओवैसी ने कहा था कि वह बीजेपी वालों को बधाई देते हैं कि उस देश ने भी प्रधानमंत्री को अवार्ड दे दिया, जहां से बाबर भारत आए थे। उन्होंने फरगना वैली का जिक्र करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, अवार्ड लेकर आते हैं।
