जम्मू :नशे में धुत युवक ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सरकारी आवास में घुसकर मचाई हलचल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
जम्मू। रियासी जिले के कक्रियाल इलाके के रहने वाले एक युवक द्वारा पिछले सप्ताह जम्मू के वजारत रोड स्थित जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सरकारी आवास में कथित तौर पर घुसपैठ करने का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री निवास की सुरक्षा में तैनात तैनात विशेष सुरक्षा समूह (एसएसजी) के जवानों ने उक्त युवक को पकड़कर गुज्जर नगर पुलिस के हवाले कर दिया।
अधिकारियों के मुताबिक युवक की पहचान तिलक राज, निवासी कक्रियाल, जिला रियासी के रूप में हुई है। बताया गया कि उसे इससे पहले गुरुवार को गुज्जर नगर पुलिस ने नशे की हालत में पकड़ा था। हालांकि, अगले दिन जमानती अपराध के तहत उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब तिलक राज मुख्यमंत्री के आवास में घुसा, उस समय वह पुलिस हिरासत में नहीं था, बल्कि पहले ही जमानत पर बाहर आ चुका था।