‘और अब आएगा तांडव…’ प्रियंका चाहर चौधरी ने Naagin 7 के फाइनल एपिसोड का दिया हिंट, फैंस ने की खास रिक्वेस्ट
नई दिल्ली। टीवी का पॉपुलर शो नागिन 7 (Naagin 7) धीरे-धीरे अपनी समाप्ति की ओर बढ़ रहा है। कास्ट एंड क्रू इस समय इसके लास्ट और फाइनल सीक्वेंस का शूट कर रहे हैं। इस एक्साइटमेंट के बीच प्रियंका चाहर चौधरी के लेटेस्ट वीडियो ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
प्रियंका ने हाल ही में एक इंस्टा स्टोरी शेयर की है और बताया कि फैंस को आखिरी एपिसोड में क्या कुछ देखने को मिलेगा। प्रियंका ने स्टोरी शेयर की है उसमें उनके साथ शो के कोरियोग्राफर आमार सखारकर नजर आ रहे थे। अपने फॉलोअर्स से उनका परिचय कराते हुए प्रियंका ने कहा, “अभी तक इन्होंने नागिन के सारे डांस सीक्वेंस करवाए हैं।”कोरियोग्राफर ने भी डांस रिहर्सल के दौरान अपना 100 प्रतिशत देने के लिए अभिनेत्री की तारीफ की। वीडियो के अंत में प्रियंका ने फैंस को चिढ़ाते हुए कहा, “और अब आएगा तांडव।”
ये वीडियो काफी तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद फैंस सोशल मीडिया पर निर्माताओं से ये गुजारिश करने लगे कि कृपया अंतिम एपिसोड में AI का इस्तेमाल न करें। एक यूजर ने क्लिप को रेडिट पर शेयर करते हुए लिखा, “मुझे उम्मीद है कि वे पिछली बार की तरह AI का इस्तेमाल करके इसे खराब नहीं करेंगे।” एक अन्य ने टिप्पणी की, “कृपया AI का इस्तेमाल न करें।”