विरासत वृक्ष: बिहार में सिर्फ 32 पेड़ 100 साल पुराने, औरंगाबाद में मिला 500 साल का बरगद
पटना। तरह-तरह की विकास योजनाओं की भेंट चढ़ चुके पुराने वृक्षों की कहानी यह है कि बिहार में अब केवल 32 वृक्ष ही ऐसे हैं, जिन्होंने 70 से 100 साल का जमाना देखा है।
इस कड़ी में औरंगाबाद के मदनपुर में बरगद का वृक्ष ऐसा मिला, जिसकी उम्र 500 साल है। राज्य सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बिहार हेरिटेज ट्री एप पर जैव विविधता विरासत पर वृक्षों की सूची डालता है।
आम लोगों को भी यह सुविधा दी गयी है कि इस एप पर वे विरासत वृक्षों की जानकारी तस्वीर के साथ डाल सकते हैं। इस पूरी कवायद में अब तक 15000 वृक्षों की इंट्री हो चुकी है, जिसमें 1500 को चिन्हित कर उन पर काम किया जा रहा।
जिन 32 वृक्षों को बिहार हेरिटेज ट्री एप पर जगह मिली है, उनमें पटना को लेकर किसी तरह की सूचना नहीं है। इनमें बक्सर, औरंगाबाद, मुंगेर, जमुई व भागलपुर शामिल हैं।