कौन हैं IAS आशिमा मित्तल? IIT बॉम्बे की पूर्व छात्रा, जरांगे से बातचीत के बाद चर्चा में
मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटील की भूख हड़ताल के बीच जालना की जिला कलेक्टर और IAS अधिकारी आशिमा मित्तल चर्चा में आ गई हैं। महाराष्ट्र के अंतरवाली सराटी में जरांगे पाटील की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के पांचवें दिन आशिमा मित्तल राज्य सरकार की प्रतिनिधि के तौर पर प्रदर्शन स्थल पहुंचीं और उनसे बातचीत की।
मित्तल ने जरांगे पाटील से भूख हड़ताल खत्म करने और अपनी सेहत का ध्यान रखने की अपील की। इस दौरान उन्होंने मराठा आरक्षण के मुद्दे पर महाराष्ट्र सरकार की ओर से लिए गए फैसलों की जानकारी भी दी और सरकार का पक्ष समझाने की कोशिश की।
हालांकि, बातचीत के दौरान माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब जरांगे पाटील ने आपत्ति जताई कि कलेक्टर सिर्फ सरकार का पक्ष रख रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने मित्तल से कहा कि अगर वह केवल सरकार का पक्ष रखने आई हैं, तो उन्हें वहां से चले जाना चाहिए। इसके बावजूद आशिमा मित्तल ने संयम बनाए रखा और बातचीत जारी रखी।
